रामगढ़, 18 मार्च: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के गणित विभाग में अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर 17 मार्च 2026 को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि गणित के बिना मानव जीवन की कल्पना असंभव है। सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि गणित केवल संख्याओं का विज्ञान नहीं, बल्कि यह तर्क, सोच और जीवन के हर क्षेत्र में संतुलन सिखाने वाला विषय है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि भारतीय गणितज्ञ आर्यभट्ट, भास्कराचार्य और शकुंतला देवी जैसे विद्वानों के योगदान के बिना विज्ञान के क्षेत्र में प्रगति संभव नहीं थी। कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने श्रीनिवास रामानुजन के गणित क्षेत्र में योगदान की सराहना की।
गणित विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार पांडेय ने बताया कि π (पाई) का मान 3.14 होने के कारण मार्च के तीसरे महीने की 14 तारीख को अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2019 से हुई है।
कार्यक्रम के अंतर्गत एलुमनी मीट और “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाली पीढ़ी के लिए खतरनाक है” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कृष्णा महतो ने प्रथम, मीना कुमारी ने द्वितीय तथा सोनू कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरजेक्टर श्रेणी में सिंधु कुमारी प्रथम, सौरव खन्ना द्वितीय और तिलेश्वर महतो तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ कुमार और अल्पना जाजा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जतरु महतो ने प्रस्तुत किया।