रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष पद पर रणधीर कुमार की रोमांचक जीत, 17-15 के अंतर से हराया प्रतिभा शरण को, कांग्रेस का दबदबा कायम

Spread the News

रामगढ़, 18 मार्च: रामगढ़ नगर परिषद के समाहरणालय सभागार में उपाध्यक्ष पद के लिए शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई। निर्वाचन के बाद वार्ड 17 के पार्षद रणधीर कुमार को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाची पदाधिकारी गीतांजलि कुमारी ने विजयी उम्मीदवार रणधीर कुमार को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इसके उपरांत नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी ने उन्हें उपाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उपाध्यक्ष पद के लिए तीन वार्ड पार्षदों ने नामांकन किया था- अरुण कुमार कुशवाहा, रणधीर कुमार और प्रतिभा शरण। नामांकन वापस लेने के बाद मुकाबला रणधीर कुमार और प्रतिभा शरण के बीच रहा। कड़े मुकाबले में रणधीर कुमार को 17 मत मिले, जबकि प्रतिभा शरण को 15 मत प्राप्त हुए। मात्र दो मतों के अंतर से रणधीर कुमार विजयी रहे।

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रणधीर कुमार ने कहा कि वे सभी पार्षदों के सहयोग से नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देंगे और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे।

इस जीत के साथ रामगढ़ नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद कांग्रेस के पास आ गए हैं।