उपायुक्त ने पर्यटन एवं खेल विकास कार्यों की समीक्षा की, स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि रिपोर्ट जल्द मांगने का निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 14 मार्च: रामगढ़ जिले में पर्यटन विकास एवं खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी लाने के लिए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला खेल कार्यालय एवं पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार ने बैठक में पूर्व निर्देशों के अनुपालन में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर जिला एवं प्रखंड स्तर पर इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। इस पर उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू हो सके।

पर्यटन विकास की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया, लेकिन कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं।

बैठक में रामगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जिला एवं प्रखंड स्तरीय खेल स्टेडियम निर्माण के साथ-साथ सांस्कृतिक महत्व के अखरा बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने इन सभी प्रस्तावों को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि खेल एवं पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिले के युवाओं एवं पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।