रामगढ़, 22 फरवरी 2026: झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नगर पालिका निर्वाचन 2026 के तहत रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में मतदान की तिथि 23 फरवरी 2026 सोमवार निर्धारित है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक निर्बाध रूप से चलेगा।
इस चुनाव की सफलता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने में रामगढ़ के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी फैज अक अहमद मुमताज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उपायुक्त ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए कई उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित कीं, जिसमें डिस्पैच, रिसीविंग, मतगणना, सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिक प्रतिनियुक्ति एवं विधि-व्यवस्था जैसे सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, सामान्य प्रेक्षक, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रियाओं को सुचारु रूप से चलाने के सख्त निर्देश दिए।
उपायुक्त ने रामगढ़ महाविद्यालय में स्थापित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों को सुनिश्चित किया। उनके निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाए गए तथा मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन पर सतर्क निगरानी रखी गई।
रविवार को रामगढ़ महाविद्यालय में बने डिस्पैच सेंटर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतदान पदाधिकारियों एवं पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित 98 मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन की सतर्क निगरानी में यह प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु रही।
रामगढ़ नगर परिषद में कुल 97,698 मतदाता हैं, जहां 32 वार्डों के पार्षदों एवं अध्यक्ष पद के लिए गैर-दलीय आधार पर चुनाव हो रहा है। प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। प्रत्येक बूथ पर पुलिस बल तैनात है तथा फ्लाइंग स्क्वॉड, वीडियो सर्विलांस टीम आदि सक्रिय हैं।
मतदाताओं से अपील की गई है कि वे 23 फरवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाएं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रस्तावित है।