राँची/रामगढ़, 22 फरवरी: राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड की अधिसूचना के अनुसार राँची जिले के अंतर्गत राँची नगर निगम चुनाव-2026 के लिए मतदान की तिथि 23 फरवरी 2026 सोमवार को निर्धारित की गई है। राज्य के कुल 48 नगर निकायों में एक ही चरण में मतदान होगा। राँची नगर निगम के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। मतगणना 27 फरवरी 2026 को होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र की मजबूती हर योग्य मतदाता के वोट से होती है। कृपया समय पर मतदान केंद्र पहुंचें और अपना वोट अवश्य डालें।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता के पास मूल मतदाता पहचान पत्र नहीं है, तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर मतदान किया जा सकता है। ये दस्तावेज निम्नलिखित हैं:
• भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र
• निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रमाणिक फोटोयुक्त मतदाता पर्ची
• पासपोर्ट
• ड्राइविंग लाइसेंस
• राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र
• बैंक/डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक
• आयकर पहचान पत्र (पैन कार्ड)
• आधार कार्ड
• राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर
• महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत जारी फोटोयुक्त जॉब कार्ड
• फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना (स्मार्ट कार्ड)
• फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज
चुनाव प्रचार शनिवार शाम 5 बजे समाप्त हो चुका है और अब 48 घंटे का ‘साइलेंस पीरियड’ चल रहा है। प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदाताओं से अपील है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।