रांची, 19 फरवरी 2026: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की गरिमामयी उपस्थिति में आज कांग्रेस भवन, रांची में एक महत्वपूर्ण सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिख समुदाय के सैकड़ों सदस्यों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिससे पार्टी के संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12:15 बजे हुई। यह आयोजन झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता ज्योति सिंह मथारू की पहल पर हुआ, जिसमें समाजसेवी सुखपाल सिंह नामधारी, गुरदीप सिंह और प्रीतपाल सिंह के नेतृत्व में सिख समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी नए सदस्यों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी हमेशा से सर्वधर्म समभाव, भाईचारे और समावेशिता की पक्षधर रही है। सिख समुदाय का देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर विकास यात्रा तक ऐतिहासिक योगदान रहा है। उनके इस कदम से हमारी विचारधारा और अधिक सशक्त होगी। आने वाले दिनों में और बड़ी संख्या में सिख भाई-बहन कांग्रेस परिवार से जुड़ेंगे।”
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा, मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन रविंद्र सिंह, रांची महानगर जिलाध्यक्ष कुमार राजा, कार्यालय सह-प्रभारी राजन वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नए सदस्यों में अर्जुन सिंह, जगजीत सिंह, जसी लोहिया, राजवीर सिंह, सरबजीत सिंह, समरजीत सिंह, प्रीति पाल सिंह, मनजीत सिंह, तलविंदर शोरा, जयदीप सिंह, रमनप्रीत सिंह, जसमीत सुखविंदर, नरपिंदर सिंह, हरप्रीत जग्गी, जसकरण डोरा, गौरव कुमार, वेदव्यास भारती, मिथिलेश दुबे, मुकेश कुमार, रोहित कुमार, अमित कुमार, त्रिलोचन सिंह, प्रिया रंजन, देवराज घोष, सैफ अली खान, राजीव रंजोत जैसे कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
यह कार्यक्रम झारखंड में कांग्रेस के सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इससे आगामी निकाय चुनावों और अन्य सांगठनिक गतिविधियों में नई ताकत मिलेगी।