रामगढ़, 19 फरवरी 2026: झारखंड में आगामी 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रामगढ़ जिले के उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी की, जिसमें कई अवैध शराब की भट्टियां नष्ट की गईं और बड़ी मात्रा में जावा महुआ एवं तैयार महुआ शराब जब्त की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद अरविन्द कुजूर के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोठार, कैथा, पारडीह, कुसुमटोला सहित अन्य स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कई अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए करीब 400 किलोग्राम जावा महुआ और 35 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की।
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में अधीनस्थ उत्पाद बल और प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों ने सहयोग किया। छापेमारी के दौरान तीन अभियुक्तों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अभियानों से न केवल चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता बनी रहेगी, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता भी बढ़ेगी।