रामगढ़, 11 फरवरी: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। आज 11 फरवरी को एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में मतदान कर्मियों का द्वितीय रैंडमाइजेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।
यह रैंडमाइजेशन निर्वाचन आयोग के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया, जिसमें मतदान कर्मियों की तैनाती पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की गई है। उपायुक्त मुमताज ने मौके पर मौजूद सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में पूर्ण सहयोग करें।
कार्यक्रम में सामान्य प्रेक्षक राजेश प्रजापति, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी बीरेंद्र प्रसाद सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी और निर्वाचन से संबंधित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बता दें कि रामगढ़ नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुल 9-10 प्रत्याशी और विभिन्न 32 वार्डों में 200 से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान जबरदस्त उत्साह देखा गया था, जिसमें कई वार्डों में बहुकोणीय मुकाबला होने के संकेत मिले हैं। प्रशासन ने मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य तैयारियों पर विशेष फोकस किया हुआ है।
यह द्वितीय रैंडमाइजेशन मतदान कर्मियों की पार्टी फॉर्मेशन और बूथ-वार तैनाती के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे चुनाव की विश्वसनीयता और निष्पक्षता में और मजबूती आएगी।