रामगढ़, 07 फरवरी 2026: राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में आज 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के स्कूल जीवन की यादों को संजोना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करना था।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संस्था के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद साह एवं राधा देवी की तस्वीरों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि विद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी एवं प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती द्वारा की गई।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती ने सचिव प्रियंका कुमारी को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत भाषण विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डी.के. सिंह ने दिया। बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं मनोरंजक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
विद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती ने अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि फेयरवेल एक परंपरा है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि विद्यार्थी आगामी बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि शिक्षा के साथ सुसंस्कार भी सफलता की सीढ़ी है।
विद्यालय चेयरमैन बी.एन. साह अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने संदेश के माध्यम से 12वीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को सफलता, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की हार्दिक शुभकामनाएं भेजीं।
सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया एवं उनके बेहतर भविष्य की कामना की। मंच संचालन कुशलतापूर्वक 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों शिवेंदू शुभंकर, मधु कुमार, अर्चना कुमारी एवं सुकृति कुमारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन शांता रानी बाखला द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में राधा गोविंद इंटर कॉलेज की प्राचार्या सोमा पांडेय, समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए भावुक पलों से भरा रहा, जहां उन्होंने अपने शिक्षकों एवं साथियों के साथ बिताए यादगार पलों को याद किया और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का संकल्प लिया।