रामगढ़ नगर पालिका चुनाव 2026: नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद पर 9 और पार्षद पद पर 216 प्रत्याशी

Spread the News

रामगढ़, 07 फरवरी: रामगढ़ नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की नामांकन वापसी प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई, जिसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 अभ्यर्थी अंतिम रूप से मैदान में बने रहेंगे, जबकि विभिन्न वार्डों के पार्षद पद के लिए कुल 216 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

इस दौरान वार्ड संख्या 16 से मीना देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है, क्योंकि वहां कोई अन्य उम्मीदवार नहीं बचा। कुल 11 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिनमें वार्ड 1 से ज्ञानी मुंडा, वार्ड 4 से बिट्टू कुमार, वार्ड 5 से अजय कुमार रविदास, वार्ड 8 से विशाल साव, वार्ड 13 से संगीता देवी, वार्ड 15 से प्रिया देवी, वार्ड 17 से सिकदर महतो, वार्ड 27 से ललिता कुमारी, वार्ड 29 से सुजीत राम रविदास व अनिल रविदास, तथा वार्ड 30 से नारायण महतो शामिल हैं। अध्यक्ष पद पर किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।

रामगढ़ नगर परिषद में कुल 32 वार्ड हैं, जहां मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस और प्रशासनिक अमला किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्क है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतदान की तिथि निर्धारित है और स्थानीय स्तर पर चुनावी उत्साह चरम पर पहुंच चुका है।प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।