रामगढ़ः बोर्ड परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए डीसी ने केंद्र अधीक्षकों को दिए सख्त निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 29 जनवरी 2026। झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने समाहरणालय सभागार में सभी केंद्र अधीक्षकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई और सख्त निर्देश जारी किए गए।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बैठक में जानकारी दी कि इस वर्ष रामगढ़ जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए 49 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 11,881 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 36 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 11,501 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं।

डीसी ने केंद्र अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, कदाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता बनाए रखी जाए, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बेंच-डेस्क, प्रकाश और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। किसी भी लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का पूरा फोकस छात्रों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने पर है। बैठक में अन्य शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर नियमित निरीक्षण और समन्वय की बात कही है ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।