नए छात्रों का उत्साही स्वागत, संस्कृति-प्रतिभा का रंगारंग प्रदर्शन
रामगढ़, 12 जनवरी 2026 : राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ के शिक्षा विभाग ने बी.एड. प्रथम वर्ष के नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत में एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण फ्रेशर्स डे का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ऊर्जा, रंगों और युवा जोश से भरपूर रहा, जिसमें नए छात्रों ने न केवल विश्वविद्यालय के प्रति अपना लगाव जताया, बल्कि अपनी छिपी प्रतिभाओं को भी मंच पर बखूबी प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक मधुर स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद गायन, नृत्य, नाटक और विभिन्न रोचक खेल प्रतियोगिताओं ने उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नए छात्र-छात्राएं पूरी उत्साह के साथ भाग लेते दिखे और उन्होंने अपनी प्रतिभा से सबका मन मोह लिया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने अपने संबोधन में कहा- “आज से आप केवल छात्र नहीं रहे, बल्कि इस गौरवशाली संस्थान के भविष्य के निर्माता बन गए हैं। ज्ञान, संस्कार और नवाचार को अपना आदर्श बनाइए, यही आपकी सच्ची पहचान होगी।”
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने बी.एड. प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा- “शिक्षा का मूल उद्देश्य समाज की सेवा है। अपने शिक्षण करियर की शुरुआत इसी पवित्र भावना के साथ करें।”
कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षा विभाग के सभी सम्मानित शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।