ठंड की आगोश में झारखंड: रामगढ़ सहित कई जिलों में पारा 7°C से नीचे, कई जिलों में स्कूले 10 जनवरी तक बंद

Spread the News

रांची, 9 जनवरी 2026: झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का कहर जारी है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घने कोहरे ने विजिबिलिटी को बेहद कम कर दिया है, जबकि सड़कों पर अलाव जलाकर लोग ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

भारतीय मौसम विभा ने राज्य के 13 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, रांची, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण यह ठंड की स्थिति बनी हुई है।

जिलों में तापमान का हाल यह रहा, सबसे न्यूनतम हजारीबाग में 2.9°C, खूंटी: 3.2°C, डाल्टनगंज: 3.4°C, लोहरदगा: 3.6°C, बोकारो: 6.4°C, चाईबासा: 6.5°C, रामगढ़: लगभग 6.0°C, रांची: 8.0°C रहा।

ठंड के प्रकोप को देखते हुए रांची सहित कई जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। यह आदेश केजी से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए लागू है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सेहत को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।

भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन 10 जनवरी के बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कुछ राहत मिलेगी।

ठंड और कोहरे से बचाव के लिए प्रशासन ने जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की है। लोगों से अपील है कि गर्म कपड़े पहनें, बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और जरूरतमंदों की मदद करें।