राधा गोविंद विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय गणित दिवस पर कार्यशाला आयोजित

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का जीवन और परिश्रम हमारे लिए प्रेरणा स्रोतः कुलाधिपति बी एन साह

रामगढ़, 23 दिसंबर: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के गणित विभाग द्वारा 22 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यशाला में छात्रों ने भारतीय गणित की समृद्ध विरासत पर प्रकाश डाला तथा विभिन्न वक्ताओं ने परिश्रम और एकाग्रता की महत्ता पर जोर दिया।

कार्यशाला का शुभारंभ गणित विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने छात्रों को राष्ट्रीय गणित दिवस की बधाई देते हुए भारत के पांच प्रमुख गणितज्ञों श्रीनिवास रामानुजन, आर्यभट्ट, भास्कराचार्य द्वितीय, ब्रह्मगुप्त तथा पिंगल के जीवन और उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से चर्चा की।

कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि रामानुजन का जीवन और परिश्रम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। संस्था सचिव प्रियंका कुमारी ने छात्रों को गणित में कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने मौलिक अवधारणाओं पर ध्यान केंद्रित करने और परिश्रम से सफलता प्राप्त करने की सलाह दी। कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने कहा कि मेहनत से गणित को सरल बनाया जा सकता है। विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने एकाग्रचित्त पढ़ाई की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यशाला में नौ छात्रों ने पीपीटी प्रस्तुतियां दीं। सिंधु कुमारी ने रामानुजन, खुशबू कुमारी ने आर्यभट्ट के जीवन, सुधीर कुमार महतो ने आर्यभट्ट के योगदान, कृष्ण कुमार महतो, सिद्धार्थ कुमार एवं पंकज कुमार ने भास्कराचार्य द्वितीय, आकाश कुमार एवं सुजीत कुमार ने ब्रह्मगुप्त तथा तिलेश्वर कुमार ने पिंगल पर चर्चा की।

संचालन जतरू महतो तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंदन कुमार ने किया। मूल्यांकन डॉ. विजय कुमार पांडेय, डॉ. बेंजामिन राज एवं डॉ. धीरज कुशवाहा ने किया। परिणामस्वरूप सिंधु कुमारी प्रथम, सिद्धार्थ कुमार द्वितीय तथा कृष्ण कुमार महतो तृतीय स्थान पर रहे।

डॉ. संजय कुमार, प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार एवं अजय कुमार ने भी छात्रों को प्रोत्साहित किया। यह आयोजन भारतीय गणितीय विरासत को जीवंत रखने और छात्रों में गणित के प्रति रुचि जगाने में सफल रहा।