रांची, 7 जून। महंगाई के मोर्चे पर आम उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। कीमत बढ़ने के बाद रांची में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 970.50 रुपये से बढ़कर 999.50 रुपये हो गई है, जो लगभग 1000 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है।
तेल विपणन कंपनियों द्वारा की गई इस बढ़ोतरी के बाद रसोई का बजट प्रभावित होने की आशंका है। देशभर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई है। राजधानी दिल्ली में सिलेंडर का दाम 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गया है।
जानकारों के अनुसार यह पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस की दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले मार्च 2026 में भी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में बढ़ती लागत और एलपीजी बिक्री पर हो रहे नुकसान के कारण कीमतों में संशोधन करना पड़ा है।
गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस महंगी होने से घरेलू बजट बिगड़ सकता है। वहीं, होटल और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।