रामगढ़ जिले के खाद्य उत्पादकों को उन्नत विनिर्माण तकनीक का प्रशिक्षण

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 10 दिसंबर। जिले के खाद्य कारोबारियों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों में वृद्धि करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शहर के स्पाइस गार्डन रेस्टोरेंट में आयोजित इस प्रशिक्षण में रामगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों खाद्य उत्पादक, मसाला मिल मालिक, अचार-मुरब्बा निर्माता, बेकरी संचालक एवं अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाई के प्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन खाद्य सुरक्षा विभाग, रामगढ़ एवं अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (IITTR) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य विषय “एडवांस्ड गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज एवं FSSAI अनुपालन” रहा।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा, “खाद्य सुरक्षा केवल कागजी नियम नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति का अधिकार है जो आपके उत्पाद को खाता है। FSSAI के सभी मानकों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि आपके व्यवसाय की विश्वसनीयता की गारंटी भी है।”

प्रशिक्षण में जीएमपी, जीएचपी, हैसप सिद्धांत, पैकेजिंग मानक, लेबलिंग नियम, स्वच्छता एवं कीट प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही FoSTaC (Food Safety Training and Certification) के तहत प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में पैन इंडिया कोऑर्डिनेटर विकास कुमार एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के लुकेश रवानी ने भी तकनीकी सत्र लिए।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी इकाइयों में गुणवत्ता सुधार एवं बाजार में विश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने घोषणा की कि जिले में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अब नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।