रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
पटना, 2 दिसंबर 2025: बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक डॉ. प्रेम कुमार सोमवार को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) चुने गए। गया टाउन से नौ बार के विधायक डॉ. प्रेम कुमार का निर्वाचन निर्विरोध हुआ, क्योंकि विपक्षी महागठबंधन ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा।
प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने सदन में घोषणा की कि डॉ. प्रेम कुमार एकमात्र वैध नामांकन थे। इसके बाद ध्वनिमत से उनका निर्वाचन हुआ। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा तथा विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने उन्हें स्पीकर की कुर्सी तक पहुंचाया। इस दौरान सदन में “जय श्री राम” और “बिहार जिंदाबाद” के नारे गूंजे।
निर्वाचन से पहले राष्ट्रीय जनता दल के विधायक राहुल कुमार ने कहा, “हम प्रेम कुमार जी के नाम का समर्थन करते हैं। वे वरिष्ठ विधायक हैं और सदन को सुचारु रूप से चलाएंगे।” यह सहमति बिहार की नई राजनीतिक समीकरणों में सकारात्मक संदेश दे रही है।
डॉ. प्रेम कुमार (66) 1990 से लगातार गया टाउन से विधायक हैं। कृषि, सहकारिता एवं गन्ना उद्योग जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं। मगध विश्वविद्यालय से पीएचडी, एमए और एलएलबी की डिग्री प्राप्त प्रेम कुमार को भाजपा का मगध क्षेत्र में मजबूत चेहरा माना जाता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई देते हुए कहा, “प्रेम बाबू के पास 35 वर्षों का विधायकी अनुभव है। वे सभी दलों के सहयोग से सदन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।” तेजस्वी यादव ने भी शुभकामनाएं दीं।
इस निर्विरोध चुनाव ने 18वीं बिहार विधानसभा की शुरुआत सौहार्दपूर्ण ढंग से की है।