रांची में ED का बड़ा एक्शन: CA नरेश कुमार केजरीवाल के ठिकानों पर छापा

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 2 दिसंबर 2025: प्रवर्तन निदेशालय  ने मंगलवार को रांची के प्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट नरेश कुमार केजरीवाल और उनके सहयोगियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सुबह से ही ED की टीमें रांची, मुंबई और सूरत में एक साथ 10 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन के तहत की जा रही है।

ED के सूत्रों के अनुसार, नरेश कुमार केजरीवाल पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी टेलीग्राफिक ट्रांसफर (TT) के जरिए विदेशों में अघोषित संपत्तियां अर्जित कीं और हवाला नेटवर्क के माध्यम से करीब 900 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। इन पैसों को विदेशी ट्रस्टों और संस्थाओं में लगाया गया, जिनमें गुजरात के जामिया इस्लामिया इशातुल उलूम ट्रस्ट का भी नाम शामिल है।

रांची में केजरीवाल का लालपुर स्थित ऑफिस, आवास और करीबी रिश्तेदारों के घरों पर तलाशी चल रही है। मुंबई और सूरत में उनके सहयोगी यमनी नागरिक अल-खदामी खालिद इब्राहिम सालेह के ठिकानों पर भी छापे पड़े। अब तक कई संदिग्ध दस्तावेज, लेजर बही और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं।

ED का दावा है कि केजरीवाल कई बड़े कारोबारियों के लिए हवाला और विदेशी लेन-देन का जरिया बने हुए थे। जांच में विदेशी फंड के दुरुपयोग के भी सबूत मिले हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन मामले में जल्द बड़े खुलासे होने की संभावना है।