फैकल्टी–स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत राधा गोविंद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया रामशोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन का दौरा

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़ 1 दिसंबर: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के लगभग 20 विद्यार्थियों ने फैकल्टी–स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत रामशोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन का शैक्षणिक दौरा किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित कुलाधिपति बी. एन. साह ने कहा कि इस तरह के एक्सचेंज कार्यक्रम शिक्षा में नवाचार, बेहतर पद्धतियों की समझ और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नए अनुभवों से अधिक से अधिक सीखने की प्रेरणा दी।

रामशोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. ज्योति वालिया ने अतिथि विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग की मजबूत नींव रखते हैं और नई दृष्टि प्रदान करते हैं।

दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज के विभिन्न विभागों का भ्रमण किया तथा शिक्षा, मनोविज्ञान और शारीरिक शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रमों का अध्ययन किया। साथ ही, विशेष कार्यशालाओं में शिक्षकों द्वारा समावेशी शिक्षा, नई तकनीकों एवं आधुनिक शिक्षण विधियों पर व्याख्यान दिए गए।

आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अनुभव साझा करने ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बनाया। विद्यार्थियों ने इस यात्रा को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह उनके शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी रहा।

अंत में, डॉ. रंजना पांडेय ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने कार्यक्रम की सराहना की।