रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
राँची, 21 अक्टूबर 2025: राजधानी राँची में सोमवार देर रात अड्डेबाजी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने जोरदार कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। रात 9 बजे से शुरू हुआ यह अभियान देर रात तक चला, जिसमें करीब 70 स्थानों पर छापेमारी की गई।
अभियान में नामकुम, कांके, बिरला मैदान, विद्यानगर, नरकोपी, लालपुर, हरमू रोड सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और ग्रामीण क्षेत्र की 50 से अधिक जगहों को लक्ष्य बनाया गया। इस दौरान कुल 203 लोगों को हिरासत में लिया गया। कुछ युवकों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि कई के खिलाफ शांति भंग की आशंका और नशा करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। कई स्थानों पर तो पुलिस को लोगों को खदेड़कर भगाना पड़ा।
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा, “अड्डेबाजी करने वाले अक्सर नशा करते हैं और यहीं बैठकर चोरी, छिनताई, मारपीट जैसी घटनाओं की साजिश रचते हैं। शहर में अपराध की जड़ में यही अड्डे हैं। इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।”
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं गुट बनाकर शराब, गांजा पीते या ईव-टीजिंग करते युवक दिखें तो बिना डरे 112 या नजदीकी थाने पर सूचना दें। सूचनाकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
राँची पुलिस की यह मुहिम शहरवासियों में सराहनीय साबित हो रही है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इससे रात के समय सड़कों पर महिलाओं और आम लोगों को राहत मिलेगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।