राधा गोविंद विश्वविद्यालय का सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम दौरान रैली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को किया गया जागरूक

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 19 नवंबर: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। रैली विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर बूढ़ा खुखरा गांव पहुंची, जहाँ छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्कता, ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक समाज में जागरूकता फैलाने का सबसे प्रभावी माध्यम है, जो लोगों को सतर्क रहने और जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि छात्रों ने सजीव अभिनय के जरिए भ्रष्टाचार के दुष्परिणाम और ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

रैली को हरी झंडी दिखाते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि सतर्कता केवल कुछ लोगों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने और नैतिक समाज बनाने में सभी को आगे आना चाहिए।

छात्रों ने जागरूकता संबंधी नारों और बैनरों के माध्यम से सतर्कता के महत्व को समझाया। नुक्कड़ नाटक के जरिए उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि भ्रष्टाचार को कैसे दूर किया जा सकता है और एक बेहतर समाज के निर्माण में उनका योगदान कितना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षा विभाग के सभी व्याख्यातागण एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।