नाम में सुधार और सुनवाई के लिए बीएलओ से करें संपर्क, टोल-फ्री नंबर 1950 से भी मिलेगी सहायता
रामगढ़, 13 अक्टूबर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी 889 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप के माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अभियान के तहत वैसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम या अन्य विवरणों में सुधार कराने तथा सुनवाई की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, मतदाता अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं के संबंध में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिले में कार्यरत छह सहायक निर्वाचन निबंधन अधिकारियों और दो निर्वाचन निबंधन अधिकारियों से भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 तथा ECINET पोर्टल और ऐप पर उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का विकल्प भी दिया है। इसके माध्यम से नागरिक अपने बीएलओ से संपर्क करने के लिए कॉल बुक कर सकते हैं और मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि रामगढ़ जिले का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की जांच करें तथा नाम दर्ज कराने, सुधार कराने या सुनवाई से संबंधित आवश्यकता होने पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।