प्रोजेक्ट सामर्थ के शिविर में PVTG व वंचित परिवारों को मिला योजनाओं का लाभ

Spread the News

रामगढ़, 08 अक्टूबर: राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से प्रोजेक्ट सामर्थ के तहत चितरपुर प्रखंड के कोयहारा पंचायत और गोला प्रखंड के साडम पंचायत में विशेष बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए गए। शिविर का उद्देश्य आदिम जनजाति (PVTG/ST) एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया। शिविर में 18 से अधिक विभागीय स्टॉल लगाए गए। यहां पेंशन, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, शिक्षा, राशन, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। लाभुकों के बीच मौके पर ही प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि प्रोजेक्ट सामर्थ के तहत जिले के 34 गांवों एवं टोलों में घर-घर सर्वे कर PVTG/ST परिवारों की जरूरतों का डेटा तैयार किया गया है। अगले छह माह में चिन्हित पात्र परिवारों को आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य है।

उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने बताया कि वंचित परिवारों को कौशल विकास, आजीविका, पशुपालन एवं बकरी पालन से जोड़ने के साथ गांवों को मॉडल गांव और पंचायतों को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है।

शिविर के बाद विधायक, उपायुक्त एवं अधिकारियों ने बिरहोर टोलों का घर-घर जाकर निरीक्षण किया और रहन-सहन, पेयजल, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।