करमा पर्व पर झारखंड में स्कूल-बैंक रहेंगे बंद, आज सार्वजनिक अवकाश

Spread the News

रांची, 22 सितंबर: झारखंड में प्रकृति, लोकआस्था और समृद्ध आदिवासी संस्कृति के प्रमुख पर्व करमा पूजा को लेकर राज्यभर में उत्साह का माहौल है। करमा पर्व के अवसर पर आज सरकारी के साथ-साथ निजी स्कूलों में भी अवकाश रहेगा। वहीं, आज झारखंड में सभी बैंक भी बंद रहेंगे।

राज्य के वर्ष 2026 के विद्यालय अवकाश कैलेंडर के अनुसार करमा पूजा के अवसर पर आज और कल सरकारी विद्यालयों में अवकाश निर्धारित किया गया है। वहीं, निजी विद्यालयों में भी आज करमा पर्व के अवसर पर छुट्टी घोषित की गई है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को पर्व मनाने का अवसर मिलेगा।

करमा पर्व झारखंड की लोक एवं आदिवासी संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर करम वृक्ष की डाली स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की जाती है। बहनें अपने भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं। पर्व प्रकृति संरक्षण, भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देता है।

इधर, करमा पूजा के कारण आज झारखंड में बैंकों में भी अवकाश रहेगा। बैंक शाखाएं बंद रहने के कारण ग्राहकों को शाखा से संबंधित जरूरी कामकाज के लिए अगले कार्यदिवस का इंतजार करना होगा। हालांकि एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

करमा पर्व को लेकर शहर से लेकर गांव तक उत्साह का माहौल है। विभिन्न स्थानों पर करम डाली की व्यवस्था, पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं।