छावनी परिषद के विभिन्न वार्डों में विकास योजनाओं का शिलान्यास

Spread the News

रामगढ़, 21 सितंबर: रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ छावनी परिषद के विभिन्न वार्डों में जनसुविधाओं और आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई विकास योजनाओं का सोमवार को शुभ शिलान्यास किया गया। विधायक ममता देवी और रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

शिलान्यास के तहत बंजारी मंदिर के सामने रामगढ़-पतरातू मार्ग (एसएच-2) पर पुल के ऊपर स्टील गार्ड निर्माण, वार्ड संख्या आठ के बिजुलिया तालाब रोड में दो स्थानों पर पीसीसी सड़क निर्माण, वार्ड संख्या छह में टीचर्स कॉलोनी गली संख्या-1 से कुलदीप महतो के घर तक पीसीसी सड़क एवं नाली निर्माण शामिल है।

इसके अलावा वार्ड संख्या एक में ओल्ड एनएच-33 से राम अवध यादव के घर तक पीसीसी पथ, वार्ड संख्या दो के नयासराय करमाली टोला में पीपल पेड़ से ठाकुर मोहल्ला तक पीसीसी पथ, गोलपार में सुरेंद्र झा के घर से देवाशीष सेन गुप्ता के घर तक पेवर ब्लॉक तथा सौदागर मोहल्ला में दुर्गा पिंडा से कपूर तल्ला चौक तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा।

विधायक ममता देवी ने कहा कि सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। योजनाओं के पूरा होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर छावनी परिषद के विभिन्न वार्डों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ जारी रखा जाएगा।

मौके पर भाजपा रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ‘बबला’, कैंट मंडल सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह, कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत पांडेय, वरिष्ठ नेता विजय जायसवाल, रोबिन गुप्ता, सत्यजीत सिंह, अमित ठाकुर, कुणाल दास समेत कई जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।