जनता दरबार में दिव्यांग को तत्काल मिली ट्राई-साइकिल, उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर उपलब्ध कराया सहायक उपकरण

Spread the News

रामगढ़, 19 सितंबर: समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में मांडू प्रखंड के बड़कीडुंडी निवासी दिव्यांग जगदेव महतो ने अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि शारीरिक असमर्थता के कारण उन्हें दैनिक आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उपायुक्त से ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अविलंब ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।

प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा रवींद्र कुमार गुप्ता ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जगदेव महतो को ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराई। सहायता मिलने के बाद जगदेव महतो ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ट्राई-साइकिल मिलने से अब उनके लिए रोजमर्रा के आवागमन में काफी सुविधा होगी और जीवन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा।

जगदेव महतो ने त्वरित सहायता के लिए उपायुक्त ऋतुराज और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। जनता दरबार में प्राप्त शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर जिला प्रशासन ने जरूरतमंद व्यक्ति को उसी दिन सहायता उपलब्ध कराई।