रामगढ़, 01 अगस्त: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीएमएफटी शाखा एवं जिला योजना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
डीएमएफटी शाखा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिले में डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की स्वीकृति, क्रियान्वयन, प्रगति और पूर्ण हो चुकी योजनाओं से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी मद का उपयोग जिले के जरूरतमंद क्षेत्रों और जनसरोकार से जुड़ी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी तरीके से किया जाना चाहिए। योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को सतत निगरानी रखने की आवश्यकता है।
वहीं, जिला योजना कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित फाइलों, अभिलेखों एवं प्रगति प्रतिवेदनों की जांच की। उन्होंने लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनका शीघ्र निष्पादन करने तथा सभी रिकॉर्ड को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ऋतुराज ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। आमजनों से जुड़े कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता, बेहतर कार्य संस्कृति और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।