COTPA Act उल्लंघन पर बासल क्षेत्र में छापेमारी, 2300 रुपये जुर्माना

Spread the News

रामगढ़, 25 अगस्त: उपायुक्त रामगढ़ के निर्देश पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग और बासल थाना की संयुक्त टीम ने सोमवार को बासल थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (COTPA), 2003 के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था।

छापेमारी के दौरान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने नियमों के उल्लंघन पर कुल 2,300 रुपये का अर्थदंड लगाया। साथ ही दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन करने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में बासल थाना के एसआई बिपिन कुमार सिंह, जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग के जिला परामर्शी बिनय शर्मा समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

जिला प्रशासन के अनुसार सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सेवन को लेकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण कानून का पालन सुनिश्चित करने के साथ लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।