रामगढ़, 21 अगस्त: रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना और आसपास के इलाकों में तबाही मचाने के बाद जंगली हाथियों का झुंड अब सरैया के पास पहुंच गया है। करीब 10 हाथियों के झुंड ने गांव के किसानों के खेतों में लगी फसलों को पैरों से रौंदकर बर्बाद कर दिया। हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड रात के समय खेतों में पहुंचा और देखते ही देखते कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के आने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
बड़कीपोना क्षेत्र में पहले से ही हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान हैं। अब हाथियों के सरैया के आसपास पहुंचने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को आबादी वाले इलाकों से दूर सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने तथा फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने लोगों से रात के समय खेतों और जंगल के आसपास नहीं जाने तथा हाथियों के झुंड से दूरी बनाए रखने की अपील की है।