19 से 21 अगस्त तक सभी अंचलों में लगेगा विशेष राजस्व शिविर

Spread the News

रामगढ़, 19 अगस्त: आमजनों की सुविधा तथा राजस्व से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से रामगढ़ जिले के सभी छह अंचलों में 19 से 21 अगस्त 2026 तक विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी ऋतुराज के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस शिविर में सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विभिन्न राजस्व मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

शिविर का आयोजन गोला, रामगढ़, पतरातू, मांडू, दुलमी और चितरपुर अंचल कार्यालय परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से होगा। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 19 अगस्त को 30 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित आपत्ति सहित और आपत्ति रहित दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

20 अगस्त को पंजी-II (रजिस्टर-2) में सुधार तथा ऑनलाइन लगान रसीद को अपडेट करने से संबंधित मामलों का निपटारा होगा। वहीं, 21 अगस्त को अन्य राजस्व संबंधी मामलों और जन-शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि स्वीकृत दाखिल-खारिज मामलों में जिन रैयतों को अब तक शुद्धि पत्र नहीं मिला है, उन्हें शिविर में ही शुद्धि पत्र उपलब्ध कराया जाए। ऑनलाइन लगान रसीद जारी करने के लिए प्रत्येक शिविर में अलग प्रज्ञा केंद्र अथवा ऑनलाइन काउंटर की व्यवस्था भी की जाएगी।

आपत्ति वाले मामलों में राजस्व दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार नोटिस जारी कर सुनवाई की जाएगी। साथ ही शिविर में आने वाले लोगों के लिए पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया गया है।

शिविर की निगरानी के लिए सभी अंचलों में वरीय पदाधिकारियों को पर्यवेक्षण पदाधिकारी नामित किया गया है, जबकि अपर समाहर्ता, रामगढ़ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। जिला प्रशासन ने रैयतों और आम नागरिकों से अपने आवश्यक राजस्व दस्तावेजों के साथ संबंधित अंचल कार्यालय पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।