रामगढ़, 20 जुलाई: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को रामगढ़ जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तथा प्रशासनिक व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों की तैनाती की गई थी। आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया और परीक्षा केंद्रों के भीतर तथा आसपास लगातार निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रथम एवं द्वितीय पाली में कुल 9,480 अभ्यर्थियों में से 2,603 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,877 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं तृतीय पाली में भी कुल 9,480 अभ्यर्थियों में से 2,599 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,881 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी नजर रखी।
परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद जिला प्रशासन ने सभी केंद्र अधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों तथा सहयोगी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।