देश में प्लास्टिक (पॉलिमर) नोटों की तैयारी तेज, ₹10 और ₹20 के नोटों से होगा ट्रायल

Spread the News

नई दिल्ली, 19 जुलाई: देश में जल्द ही प्लास्टिक मुद्रा नोटों का प्रयोग शुरू हो सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक की नोट मुद्रण इकाई ने पॉलिमर सब्सट्रेट शीट्स की आपूर्ति के लिए वैश्विक स्तर पर एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जारी किया है। इसके साथ ही भारत में पॉलिमर बैंक नोटों की दिशा में लंबे समय से चल रही योजना को नया बल मिला है।

सूत्रों के अनुसार, पायलट परियोजना के तहत सबसे पहले ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के नोट जारी किए जा सकते हैं। इन नोटों का सीमित क्षेत्रों में परीक्षण किया जाएगा। यदि परीक्षण सफल रहता है, तो वर्ष 2027 से इनका चरणबद्ध तरीके से व्यापक प्रचलन शुरू किया जा सकता है। हालांकि मौजूदा कागजी नोट भी वैध मुद्रा बने रहेंगे और दोनों प्रकार के नोट कुछ समय तक समानांतर रूप से चलेंगे।

पॉलिमर नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं। इनकी आयु कई गुना अधिक होती है तथा ये पानी, नमी और गंदगी से कम प्रभावित होते हैं। साथ ही इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर होने के कारण नकली नोटों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि भारत में पॉलिमर नोट लाने का विचार नया नहीं है। पहले भी इस दिशा में प्रयास हुए थे, लेकिन तकनीकी कारणों से योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब नए टेंडर के साथ इस परियोजना को फिर गति मिली है और इसे भारतीय मुद्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।