दिल्ली में झारखंड का डिजिटल विजन पेश करेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, 100 से अधिक आईटी कंपनियों के सामने रखेंगे विकास का रोडमैप

Spread the News

एआई, डिजिटल गवर्नेंस, आईटी निवेश और विजन-2050 पर होगा मंथन, निवेश आकर्षित करने पर सरकार का जोर

रांची/नई दिल्ली, 08 जुलाई: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 में भाग लेंगे। इस दौरान वे देश-विदेश की 100 से अधिक अग्रणी आईटी एवं टेक्नोलॉजी कंपनियों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के समक्ष झारखंड का डिजिटल विकास रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य को सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल गवर्नेंस और आईटी निवेश के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री अपने संबोधन में एआई आधारित सुशासन, पारदर्शी प्रशासन, नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं और तकनीक के माध्यम से बेहतर सरकारी सेवा वितरण की रणनीति साझा करेंगे। इसके साथ ही राज्य में निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की योजनाओं पर भी प्रकाश डालेंगे।

बैठक में झारखंड सरकार की प्रस्तावित ड्राफ्ट एआई पॉलिसी-2026, निवेश प्रोत्साहन नीति, पर्यटन नीति, टेक्सटाइल नीति और अन्य महत्वपूर्ण नीतिगत मसौदों पर भी चर्चा होगी। साथ ही निवेशकों के सामने रांची आईटी पार्क परियोजना का भी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर आईटी एवं आईटीईएस निवेश आकर्षित करने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि यह आयोजन झारखंड के विजन-2050 को गति देने, राष्ट्रीय एवं वैश्विक निवेशकों के साथ साझेदारी मजबूत करने और राज्य को तकनीक आधारित विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान कई औद्योगिक घरानों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।