पटना, 01 जुलाई: बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्य आज पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह विधान परिषद परिसर में आयोजित होगा। इस समारोह में सबसे अधिक चर्चा भोजपुरी अभिनेता एवं भाजपा नेता पवन सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की रहेगी, जिन्होंने हाल ही में निर्विरोध एमएलसी चुनाव जीता है।
विधान परिषद की नौ द्विवार्षिक सीटों और एक रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव में सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें एनडीए के नौ और राजद के एक उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा और जदयू को चार-चार सीटें मिलीं, जबकि लोजपा (रामविलास) और राजद को एक-एक सीट प्राप्त हुई।
राजनीतिक हलकों में पवन सिंह के सक्रिय राजनीतिक सफर और निशांत कुमार की बढ़ती भूमिका को लेकर विशेष चर्चा है। दोनों नेताओं के पहली बार विधान परिषद की सदस्यता ग्रहण करने के कारण शपथ ग्रहण समारोह पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में दोनों बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सदस्य औपचारिक रूप से विधान परिषद की कार्यवाही में भाग लेने के पात्र हो जाएंगे। समारोह में राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, विधायक, विधान परिषद के सदस्य और विभिन्न दलों के नेता भी उपस्थित रहेंगे।