कृषि व्यापार मेले में विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक खेती की बारीकियां, राधा गोविन्द विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

Spread the News

रामगढ़, 18 जून: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग के नेतृत्व में वनस्पति विज्ञान एवं जंतु विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए रांची में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेले का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कृषि क्षेत्र में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, कृषि यंत्रों तथा नवीन कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मेले में विभिन्न संस्थानों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों का विद्यार्थियों ने अवलोकन किया। साथ ही कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, तकनीकी विकास और वैज्ञानिक खेती की विधियों के संबंध में विशेषज्ञों से संवाद कर अपने ज्ञान का विस्तार किया। विद्यार्थियों ने आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीजों एवं जैविक उत्पादों के व्यावहारिक उपयोग को भी नजदीक से समझा।

इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों और नवाचारों से परिचित कराना तथा उनके व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध बनाना था।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “अनुभव से मिली शिक्षा ही जीवन की सच्ची शिक्षा है।” उन्होंने ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं ज्ञानवर्धन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भ्रमण में वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ. पूजा कुमारी जायसवाल, जंतु विज्ञान विभाग की डॉ. अपराजिता सोनी, श्याम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और भविष्य के लिए उपयोगी अनुभव बताया।

कृषि विज्ञान विभाग के नेतृत्व में आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।