रामगढ़, 08 जून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को झारखंड के रामगढ़ पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर सुबह से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल था। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और भाजपा के झंडों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन सुबह करीब रामगढ़ पहुंचे। शहीद निर्मल महतो चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और झारखंडी परंपरा के अनुसार उन्हें पत्तों का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
रामगढ़ पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा है। दो दिवसीय दौरे के दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल हो रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इस दौरे का उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करना है।
नितिन नवीन के रामगढ़ आगमन से भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे और समर्थकों ने उनका अभिनंदन कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया।