सीबीएसई छात्रों के लिए आखिरी मौका, 6 जून तक करें पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन

Spread the News

नई दिल्ली, 05 जून: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन एवं सत्यापन प्रक्रिया को लेकर छात्रों में भारी रुचि देखी जा रही है। बोर्ड के अनुसार अब तक 55 हजार से अधिक छात्र पुनर्मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिका सत्यापन के लिए आवेदन कर चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून निर्धारित की गई है।

सीबीएसई ने 2 जून से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की थी। यह सुविधा केवल उन छात्रों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने पहले चरण में अपनी स्कैन की गई उत्तरपुस्तिका प्राप्त की है। छात्र निर्धारित शुल्क जमा कर उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन या मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों की जांच के लिए आवेदन कर सकते हैं।

बोर्ड के अनुसार आवेदन संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में सीबीएसई के पोर्टल पर साइबर हमले का भी प्रयास हुआ, लेकिन बोर्ड ने समय रहते उसे विफल कर दिया और पोर्टल की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं। उस समय तक पोर्टल पर 56 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके थे।

पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत छात्र उन प्रश्नों की दोबारा जांच करा सकते हैं जिनमें उन्हें मूल्यांकन में त्रुटि की आशंका है। वहीं सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से उत्तरपुस्तिका के पन्नों, ग्राफ, नक्शों या कुल अंकों से संबंधित त्रुटियों की जांच कराई जा सकती है।

सीबीएसई ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें। बोर्ड के अनुसार 6 जून की मध्यरात्रि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।