खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला, संजय निरुपम का तंज; प्रशासन को दी सतर्कता बरतने की सलाह

Spread the News

पटना, 4 जून। बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित चर्चित शिक्षक एवं यूट्यूबर फैसल खान (खान सर) के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई कथित फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है, वहीं शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन को सावधानीपूर्वक कार्रवाई करने की नसीहत दी है।

संजय निरुपम ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि “आखिर खान सर लपेटे में आ गए।” उन्होंने कहा कि मंगलवार रात पटना में उनके कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ, जिसमें फायरिंग और तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर जुट गए। निरुपम ने कहा कि देशभर में खान सर जैसे कई शिक्षक युवाओं, विशेषकर Gen-Z पीढ़ी, से मजबूत जुड़ाव रखते हैं और प्रशासन को इस संवेदनशील मामले को सही तरीके से संभालना चाहिए।

घटना के संबंध में खान सर ने आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके संस्थान को निशाना बनाया। उन्होंने प्रतिस्पर्धी कोचिंग संस्थानों पर भी संदेह जताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में पत्थरबाजी और तोड़फोड़ के प्रमाण मिले हैं, जबकि फायरिंग की पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखी गई और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोचिंग संस्थान के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।