विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों संग प्रशासन की बैठक

Spread the News

7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, सभी बूथों पर BLA-2 नियुक्त करने का आग्रह

रामगढ़, 26 मई: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित अधिकारियों को सक्रिय सहयोग करना होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि झारखंड में SIR के लिए 01 अक्टूबर 2026 को क्वालीफाइंग डेट निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से जुड़े प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को सूची से जोड़ने तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।

उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर शीघ्र बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों का समाधान करते हुए निर्वाचन विभाग की ओर से एसआईआर से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा की गई। प्रतिनिधियों ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां

• क्वालीफाइंग डेट – 01 अक्टूबर 2026

• तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग – 20 जून से 29 जून 2026

• बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन – 30 जून से 29 जुलाई 2026

• मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन – 29 जुलाई 2026 तक

• ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन – 05 अगस्त 2026

• दावा एवं आपत्ति की अवधि – 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026

• दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन – 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026

• अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 07 अक्टूबर 2026