नव पदस्थापित अधिकारियों ने संभाला पदभार, विकास और जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस

Spread the News

रामगढ़, 26 मई: जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुक्रवार को तीन नव पदस्थापित वरीय अधिकारियों ने समाहरणालय पहुंचकर अपना-अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने वाले अधिकारियों में अपर समाहर्ता के रूप में मनींद्र भगत, अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में कृष्ण मुरारी तिर्की तथा जिला परिवहन पदाधिकारी के रूप में श्री राजेश एक्का शामिल हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद तीनों अधिकारियों ने संबंधित कार्यालयों के कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था एवं आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई।

नव पदस्थापित अपर समाहर्ता मनींद्र भगत ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन एवं राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को कार्यालयों में अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए विशेष पहल की जाएगी।

वहीं अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

इधर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने कहा कि जिले की परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा।

जिले के प्रशासनिक महकमे में नए अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने से विकास कार्यों में तेजी आने और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।