कस्तूरबा एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया पर डीसी ने की समीक्षा

Spread the News

रामगढ़, 17 मई: जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नामांकन को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय समिति ने प्रखंड स्तरीय समिति से प्राप्त छात्राओं की सूची पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने जानकारी दी कि जिले के चार कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं दो झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए प्रखंड स्तरीय समितियों से छात्राओं की सूची प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने सूची से संबंधित विस्तृत जानकारी उपायुक्त एवं उपस्थित अधिकारियों को दी।

उपायुक्त ने नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित करने का निर्देश देते हुए पात्र छात्राओं के चयन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नामांकन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा के लिए आगामी बृहस्पतिवार को पुनः बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।