रांची, 11 मई: राजधानी रांची में रविवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवा के साथ गर्जन और बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जबकि बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 10 से 15 मई तक झारखंड के सभी जिलों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। दिन के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। मौसम के उतार-चढ़ाव का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है। किसानों को मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।