सुपौल, 08 मई: बिहार-नेपाल सीमा से सटे सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान से लाखों रुपये की नेपाली और भारतीय करेंसी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार और एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने भीमनगर बाजार स्थित “चंदन ट्रेडर्स” नामक दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 8 लाख 83 हजार 600 रुपये नेपाली मुद्रा तथा 13 लाख 65 हजार 50 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दुकान संचालक के पास विदेशी मुद्रा विनिमय से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पूरी राशि को जब्त कर लिया गया। छापेमारी के दौरान एसएसबी और स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के समय दुकान संचालक चंदन कुमार मौके पर मौजूद नहीं था। हालांकि पुलिस ने उसके पिता सत्यदेव शाह उर्फ दर्पी शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दुकान संचालक की ओर से सफाई दी गई है कि सीमा क्षेत्र होने के कारण नेपाली ग्राहक अक्सर भारतीय बाजार में खरीदारी करते हैं और नेपाली मुद्रा में भुगतान कर देते हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि बिना आरबीआई की अनुमति विदेशी मुद्रा का लेन-देन गैरकानूनी है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा हवाला या अवैध नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।