रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 11 नवंबर 2025: उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद ने पूर्व निर्देशों के अनुपालन में की गई प्रगति से अवगत कराया।
उपायुक्त ने सदर अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों को रेफर कर निजी क्लीनिक में स्वयं इलाज करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कोई शिकायत मिलने पर त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई का स्पष्ट निर्देश दिया। मातृत्व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच समयबद्ध करने, हाई रिस्क प्रेगनेंसी की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के आदेश जारी किए।
प्रसव के दौरान मां या शिशु की मृत्यु होने पर ऑटोप्सी अनिवार्य करते हुए गंभीर जांच के निर्देश दिए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 आपातकालीन सेवाएं, प्रसव सुविधाएं व चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में हर पात्र मरीज को योजना का लाभ पहुंचाने और प्रभावी संचालन पर जोर दिया। कुपोषण उपचार केंद्रों (MTC) की केंद्रवार स्थिति जांची गई और समाज कल्याण विभाग से समन्वय कर कुपोषित बच्चों के इलाज में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सदर अस्पताल सहित सभी केंद्रों में ब्लड बैंक के सुचारु संचालन, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को त्वरित सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा, “स्वास्थ्य सेवाएं जनता का अधिकार हैं, इनमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”