राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को बिहार ने इतिहास रच दिया. आतिशबाजी के बीच महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज हुआ. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया. हजारों दर्शक इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने. उद्घाटन से पहले पूरा स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था. मुख्यमंत्री के स्टेडियम में प्रवेश करते ही जय बिहार के नारे गूंजने लगे. मुख्यमंत्री ने पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया और लोगों का अभिवादन किया.
उद्घाटन के बाद भारत और मलेशिया के बीच मैच खेला गया. जैसे ही भारतीय टीम मैदान में उतरी, दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया. मैच शुरू होते ही स्टेडियम में चक दे इंडिया के नारे लगने लगे. दर्शक भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने के लिए लगातार ताली बजाते रहे. जैसे ही भारतीय टीम के खिलाड़ी मलेशिया के गोल पोस्ट की ओर बढ़े, दर्शकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाने शुरू कर दिए. दर्शक पूरे मैच के दौरान भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करते रहे.
मलेशिया के साथ खेले गए मैच में भारत ने 4-0 से जीत दर्ज की. मैच का पहला गोल संगीता कुमारी ने आठवें मिनट में किया और भारतीय टीम को मैच में 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही. मैच का दूसरा गोल प्रीति दुबे ने हाफ टाइम के बाद 42वें मिनट में किया. अगले ही मिनट यानी 43वें मिनट में उदिता ने पेनाल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए गोल किया. 55वें मिनट में संगीता ने एक और गोल करते हुए भारत को मैच में 4-0 की बढ़त दिला दी. इस तरह भारत ने दूसरे क्वार्टर को छोड़कर बाकी तीनों क्वार्टर में गोल किए.