रामगढ़, 01 नवंबर: जिले में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) और अबुआ आवास योजना के सुचारु क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उप विकास आयुक्त श्री आशिष अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय के ब्लॉक बी सभाकक्ष में उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में मनरेगा परियोजना पदाधिकारी श्रीमती अनुजा राणा ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। डीडीसी ने प्रखंडवार मानव दिवस सृजन की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक रोजगार सृजन पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को ई-केवाईसी पूर्ण करने, मटेरियल भुगतान में तेजी लाने तथा पोटो हो खेल विकास योजना के तहत लंबित खेल मैदानों के निर्माण हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारियों व अंचल अधिकारियों से तत्काल प्रतिवेदन मांगने का निर्देश दिया।
इसके अलावा बिरसा हरित ग्राम योजना, पीएम जनमन योजना,जियो टैगिंग, सोशल ऑडिट और नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
आवास योजनाओं Cake बोलते हुए परियोजना पदाधिकारी श्री फणींद्र कुमार गुप्ता ने पीएमएवाई और अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की स्थिति से अवगत कराया। उप विकास आयुक्त ने प्रखंडवार समीक्षा की और अधिकारियों को लाभुकों के घरों का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य शुरू कराने का कड़ा निर्देश दिया। विशेष रूप से दूसरी व तीसरी किस्त प्राप्त लाभुकों के लिए मनरेगा से मास्टर रोल जेनरेट करने पर बल दिया गया।
बैठक में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी (मनरेगा), जिला स्तरीय अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला समन्वयक (आवास), बीपीओ, रोजगार सेवक एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
डीडीसी श्री आशिष अग्रवाल ने कहा,”योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए गुणवत्ता और समयबद्धता आवश्यक है। सभी अधिकारी सक्रिय होकर काम करें।”