राधा गोविंद विश्वविद्यालय में हिंदी सप्ताह 2025 का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह

Spread the News

रामगढ़, 20 सितम्बर। राधा गोविंद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हिंदी सप्ताह 2025 का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ तथा अतिथियों को पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मनमीत कौर ने स्वागत भाषण देते हुए सप्ताह भर चले विभिन्न आयोजनों-कविता-पाठ, निबंध-लेखन, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि “हिंदी साहित्य समाज की नब्ज को पहचानने और उसे शब्द देने की क्षमता रखता है। युवाओं को चाहिए कि वे हिंदी में लेखन की परंपरा को और अधिक समृद्ध करें।”

सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि “तकनीकी और डिजिटल युग में हिंदी की संभावनाएँ अनंत हैं। विद्यार्थियों को इसका अधिकतम उपयोग करना चाहिए।”

वहीं कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने हिंदी को “अस्मिता और संस्कृति की धड़कन” बताते हुए मातृभाषा के सम्मान को हमारी नैतिक जिम्मेदारी बताया।कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार तथा परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार ने भी विद्यार्थियों से हिंदी को व्यवहार और शोध की भाषा बनाने का आह्वान किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए:

• कविता-पाठ: प्रथम – सुधा कुमारी

• वाद-विवाद: प्रथम – सुधा कुमारी, द्वितीय – अंजली कुमारी यादव

• निबंध-लेखन: प्रथम – गीता कुमारी

• भाषण प्रतियोगिता: प्रथम – अंजली कुमारी यादव

हिंदी हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी बोर्ड इस कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रहे। धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापक डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा ने किया, जबकि संचालन डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने किया।

समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह ने छात्रों में हिंदी भाषा के प्रति गर्व और आत्मीयता को नई ऊर्जा दी तथा उन्हें हिंदी साहित्य और सृजन की ओर प्रेरित किया।