रामगढ़, संवाददाता: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग में मंगलवार को हर्ष और उल्लास के बीच फेयरवेल एवं फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां एक ओर नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, वहीं स्नातक पूरा कर रहे विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई भी दी गई।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद छात्रों ने ऊर्जा से भरपूर नृत्य प्रस्तुतियां दीं, डंब शराड्स में अभिनय कौशल दिखाया और म्यूज़िकल चेयर्स जैसी गतिविधियों ने सभी का मनोरंजन किया।
कुलाधिपति बी. एन. शाह ने संबोधन में विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच का महत्व बताते हुए प्रेरित किया। उन्होंने स्नातक पास कर रहे छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और नवप्रवेशी छात्रों से विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय की सचिव सुश्री प्रियंका कुमारी ने दोनों बैच के विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष डॉ. कारलुस टोप्पो के नेतृत्व में हुआ। सहायक प्राध्यापक राकेश प्रजापति और मोहक गुप्ता ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभिन्न विभागों के प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में, वरिष्ठ छात्रों ने जूनियर्स को मार्गदर्शन के साथ विदा किया, जबकि नए छात्रों ने उत्साहपूर्वक विश्वविद्यालय जीवन की शुरुआत की। यह दिन हंसी, भावनाओं और यादगार पलों से भरपूर रहा।