रांची: रांची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीपीएस स्कूल, रांची के म्यूजिक टीचर मेकाइल घोष (उम्र 40 वर्ष), जो डिबडीह, रांची के निवासी थे, पिकनिक के दौरान नदी में बह गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेकाइल घोष अपने कुछ साथियों के साथ जोन्हा फॉल घूमने गए थे। दोपहर करीब 2 बजे के आसपास वे नदी के समीप नहाने के लिए उतरे, इसी दौरान पानी के तेज बहाव में वे अचानक बह गए और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। तत्काल पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को सूचित किया गया। गुरुवार देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों ने उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आज शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई है। एनडीआरएफ की टीम आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक शिक्षक का कोई सुराग नहीं मिला था।
घटना के बाद डीपीएस स्कूल प्रबंधन और शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। मेकाइल घोष अपने सौम्य व्यवहार और संगीत में दक्षता के लिए छात्रों और अभिभावकों के बीच खासे लोकप्रिय थे।
स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में जोन्हा, दशम या हुंडरू जैसे जलप्रपातों के पास सतर्कता बरतें, क्योंकि इन स्थानों पर जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और हादसों की आशंका बनी रहती है।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में तलाशी अभियान जारी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।