राजधानी पटना के अशोक राजपथ पर राज्य का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है और इसे जनता के लिए खोलने की तैयारी पूरी हो चुकी है। गांधी मैदान से एनआईटी पटना तक फैले इस आधुनिक निर्माण का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 11 जून 2025 को करेंगे।
यह फ्लाईओवर तीन स्तरों पर यातायात की सुविधा प्रदान करेगा। सड़क के धरातल पर 5.50 मीटर चौड़ी दो सर्विस लेन बनाई गई हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में आसानी होगी। प्रथम तल पर कृष्णा घाट से बीएन कॉलेज तक और द्वितीय तल पर कारगिल चौक से एनआईटी की ओर वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है।
यह मेगाप्रोजेक्ट बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा 422 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए बीएन कॉलेज, सेंट मेरी चर्च, पीरबहोर थाना, पीएमसीएच और पटना विश्वविद्यालय की चारदीवारी को हटाकर स्थान की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस डबल डेकर फ्लाईओवर परियोजना की नींव 4 सितंबर 2021 को रखी थी। हालांकि इसकी निर्धारित समयसीमा 36 महीने थी, यह परियोजना मात्र आठ माह की देरी से 44 महीने में पूर्ण हुई है।
इस फ्लाईओवर के चालू होने से पीएमसीएच पहुंचने के लिए लोगों को अब चार वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे पहला जेपी गंगा पथ से दीघा और दीदारगंज होते हुए, दूसरा गांधी मैदान की ओर से सर्विस लेन के जरिए, तीसरा पटना सिटी (पटना साहिब) की ओर से डबल डेकर फ्लाईओवर के माध्यम से, और चौथा विकल्प सीधे फ्लाईओवर के माध्यम से पीएमसीएच की मल्टीलेवल पार्किंग तक पहुंचने का होगा। पार्किंग एरिया को तीन अलग-अलग लेन के जरिये अशोक राजपथ और फ्लाईओवर से जोड़ा गया है।
यह परियोजना न केवल पटना की यातायात व्यवस्था को नया आयाम देगी, बल्कि राज्य में अधोसंरचना विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।